कॉकरोच जनता पार्टी का दावा- CBSE चेयरमैन का ट्रांसफर सिर्फ दिखावा, 6 जून को प्रदर्शन की तैयारी

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने बुधवार को राजधानी दिल्ली में अपनी पहली आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।

पार्टी के तीन प्रवक्ताओं ने मीडिया के सामने अपनी मांगें रखते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई और कहा कि वे इस मुद्दे पर सरकार तथा विपक्ष दोनों से बातचीत के लिए तैयार हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि CBSE चेयरमैन और सचिव के हालिया तबादले केवल दिखावटी कार्रवाई हैं।

उनका आरोप है कि शिक्षा व्यवस्था में जो समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं, उनका समाधान केवल अधिकारियों के स्थानांतरण से नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रणाली में जवाबदेही तय की जानी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ठोस कार्रवाई होनी चाहिए।

पार्टी नेताओं का कहना है कि छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है, जिसके कारण देशभर में असंतोष बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि उनका आंदोलन किसी एक व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पारदर्शिता की मांग को लेकर है।

CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके के 6 जून को अमेरिका से दिल्ली पहुंचने की जानकारी भी दी गई। पार्टी के अनुसार, उनके आगमन के बाद जंतर-मंतर पर प्रदर्शन आयोजित करने की तैयारी की जाएगी। इसके लिए संसद मार्ग थाने में अनुमति लेने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

पार्टी ने देशभर के युवाओं और छात्रों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। साथ ही दावा किया गया है कि प्रसिद्ध पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुंग भी इस प्रदर्शन में शामिल हो सकते हैं।

CJP नेताओं का कहना है कि यह अभियान युवाओं की आवाज को मजबूत करने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Exit mobile version