छत्तीसगढ़ आएंगे राज्यसभा सांसद प्रवीण चक्रवर्ती: चेन्नई में कांग्रेस नेता सीए रवि ग्वालानी से मुलाकात, निवेश और रोजगार पर हुई चर्चा

रायपुर। कांग्रेस के नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद और प्रख्यात अर्थशास्त्री प्रवीण चक्रवर्ती जल्द ही छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ सकते हैं।
हाल ही में कांग्रेस नेता और चार्टर्ड अकाउंटेंट रवि ग्वालानी ने चेन्नई में उनसे मुलाकात कर उन्हें छत्तीसगढ़ का राजकीय गमछा भेंट किया और राज्य आने का आमंत्रण दिया। चक्रवर्ती ने संसद के मानसून सत्र के बाद छत्तीसगढ़ आने का प्रयास करने की बात कही।
अर्थव्यवस्था और निवेश पर हुई चर्चा
मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था, रोजगार सृजन, निवेश बढ़ाने और विकास की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने देश की मौजूदा आर्थिक चुनौतियों और उनके समाधान को लेकर भी विचार साझा किए। राज्य में औद्योगिक निवेश बढ़ाने और युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर तैयार करने जैसे विषयों पर भी बातचीत हुई।
रवि ग्वालानी ने प्रवीण चक्रवर्ती को राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर बधाई देते हुए कहा कि एक अनुभवी अर्थशास्त्री और नीतिगत विशेषज्ञ के रूप में उनकी उपस्थिति संसद में आर्थिक मुद्दों पर प्रभावी भूमिका निभाएगी।
पहले भी आ चुके हैं रायपुर
प्रवीण चक्रवर्ती इससे पहले भी रायपुर आ चुके हैं, जहां उन्होंने ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया था। वे वर्तमान में ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं।
उन्होंने पिलानी से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और विदेश से प्रबंधन की उच्च शिक्षा प्राप्त की है। वित्तीय क्षेत्र में लंबे अनुभव के साथ वे पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार के दौरान भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
वहीं, सीए रवि ग्वालानी रायपुर स्थित भारतीय सनदी लेखाकार संस्थान (आईसीएआई) की शाखा के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। वे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया पैनलिस्ट के रूप में भी सक्रिय हैं।





