सीएम विष्णुदेव साय ने यादव समाज के धार्मिक कार्यक्रम में की शिरकत, विकास कार्यों की दी सौगात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को जशपुर जिले के बगीचा पहुंचे, जहां उन्होंने महाकुल यादव समाज सेवा समिति द्वारा आयोजित श्री हरि अखंड संकीर्तन नाम यज्ञ में भाग लिया। इस मौके पर उन्होंने राधा-कृष्ण, चैतन्य महाप्रभु और गौरांग स्वामी की पूजा की और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए कामना की।
सीएम ने वृंदावन भवन विस्तार के लिए 50 लाख की मंजूरी दी है। बगीचा में इंडोर स्टेडियम निर्माण हेतु 2.75 करोड़ की स्वीकृति दी है। नगर पंचायत क्षेत्र में मंगल भवन निर्माण के लिए 1 करोड़ की स्वीकृति दी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इन निर्माण कार्यों की शुरुआत जल्द की जाएगी।
यादव समाज की सराहना
मुख्यमंत्री ने यादव समाज को सनातन संस्कृति और गौवंश का रक्षक बताया। उन्होंने कहा कि समाज ने सदैव परंपराओं और संस्कृति को संजोने का काम किया है। सरकार राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड की मदद से बीपीएल परिवारों को दुधारू गायें देने की योजना बना रही है।
जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
- प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवासों की मंजूरी
- ‘आवास प्लस 2.0’ योजना में नए पात्र भी शामिल
- महिलाओं को हर माह ₹1000 देने वाली महतारी वंदन योजना
- तेंदूपत्ता संग्रहकों को अब ₹5,500 प्रति बोरा
- तीर्थ यात्रा के लिए रामलला दर्शन और मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना
- PSC घोटाले में दोषियों पर कार्रवाई शुरू
- गांवों में CSC और चॉइस सेंटर से धन निकासी सुविधा की शुरुआत
नक्सल और औद्योगिक मोर्चे पर सरकार की रणनीति
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त करने के लिए अभियान तेज है। साथ ही, पर्यटन को उद्योग का दर्जा देकर राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे ग्रामीण इलाकों में वन उत्पादों के प्रसंस्करण से अर्थव्यवस्था को भी फायदा होगा।
इस कार्यक्रम में पद्मश्री जगेश्वर यादव, माटी कला बोर्ड अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवर्ती, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय,संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, महाकुल यादव समाज सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष परमेश्वर यादव, जिलाध्यक्ष गणेश यादव, भरत सिंह, पार्षद अमन शर्मा सहित महाकुल यादव समाज के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और भारी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित थे।