जशपुर। सीएम विष्णुदेव साय के जशपुर जिला प्रवास के दौरान ग्राम भैंसामुड़ा में एक आत्मीय और प्रेरणादायक तस्वीर देखने को मिली। मुख्यमंत्री अचानक शासकीय प्राथमिक शाला चंदागढ़ पहुंचे, जहां स्कूल परिसर में बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। बच्चों का उत्साह देखकर मुख्यमंत्री खुद को रोक नहीं पाए और बिना किसी औपचारिकता के सीधे मैदान में उतरकर उनके साथ क्रिकेट खेलने लगे।
मुख्यमंत्री को अपने बीच खेलते देख बच्चों की खुशी दोगुनी हो गई। पूरा स्कूल परिसर उत्साह और तालियों की गूंज से भर उठा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से पढ़ाई, खेल और उनकी दिनचर्या को लेकर बातचीत की। उन्होंने पूछा कि बच्चे नियमित रूप से कौन-कौन से खेल खेलते हैं और उन्हें किन सुविधाओं की जरूरत महसूस होती है।
मुख्यमंत्री ने मैदान में मौजूद खिलाड़ी प्रकाश ठाकुर से भी चर्चा की और ग्रामीण क्षेत्र में खेल गतिविधियों की स्थिति की जानकारी ली। बच्चों की खेल के प्रति रुचि और जुनून को देखते हुए मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद कलेक्टर को स्कूल के विद्यार्थियों के लिए क्रिकेट किट और स्पोर्ट्स ड्रेस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी बेहतर खेल सुविधाएं मिलनी चाहिए, ताकि वे अपनी प्रतिभा को निखार सकें और भविष्य में आगे बढ़ सकें। मुख्यमंत्री ने खेल और शिक्षा को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी बताया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत के सरपंच रोशन प्रताप सिंह से भी गांव के विकास कार्यों और स्थानीय जरूरतों पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को शिक्षा, खेल और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में संतुलित विकास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री का यह सहज और आत्मीय अंदाज ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। बच्चों के साथ बिताए गए ये पल गांव के लोगों के लिए यादगार बन गए।
