ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सड़क हादसे में कोबरा बटालियन के जवानों की मौत पर CM विष्णु देव साय ने जताया गहरा शोक

रायपुर। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कोबरा बटालियन के जवानों के असामयिक निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रसेवा में समर्पित हमारे जांबाज जवानों का इस तरह अचानक चले जाना अत्यंत हृदयविदारक है और यह देश व राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है।

मुख्यमंत्री साय ने दिवंगत जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कोबरा बटालियन के जवानों ने सदैव देश की आंतरिक सुरक्षा, शांति व्यवस्था और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में साहस और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई है। उनका बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा।

उन्होंने हादसे में शहीद हुए जवानों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शोक संतप्त परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और प्रशासन को आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल जवान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए संबंधित अधिकारियों को बेहतर उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार घायल जवान के इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं आने देगी।

उल्लेखनीय है कि धमतरी में हुए इस हादसे ने सुरक्षा बलों और प्रदेशभर में शोक की लहर पैदा कर दी है। नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भी दिवंगत जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की है।

Related Articles

Back to top button