नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा में शामिल हुए CM विष्णु देव साय, सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड स्थित ग्राम सिरीमकेला में श्री नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए।

उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देवाधिदेव महादेव से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। महाशिवरात्रि से एक दिन पूर्व आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन को उन्होंने आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बताया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्राम सिरीमकेला में सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इससे ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास और स्थानीय आवश्यकताओं की पूर्ति सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की अग्रिम शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि राज्य सरकार सनातन परंपरा के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

अयोध्या धाम दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से हजारों श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्राओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 42 हजार से अधिक श्रद्धालु श्रीरामलला के दर्शन कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 500 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण देश की आस्था का प्रतीक है। उन्होंने जशपुर की धार्मिक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि यहाँ स्थित मधेश्वर महादेव को एशिया का सबसे बड़ा प्राकृतिक शिवलिंग माना जाता है।

उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए सरकार सतत प्रयासरत है। राजिम कुंभ कल्प, बस्तर दशहरा और शक्ति पीठों के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

Exit mobile version