ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

कुदरगढ़ी माता के दरबार में CM साय: चैत्र नवरात्रि पर की पूजा-अर्चना; प्रदेश की खुशहाली के लिए मांगी मन्नत

सूरजपुर। चैत्र नवरात्रि की तृतीया तिथि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ कुदरगढ़ पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने यहां मां कुदरगढ़ी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए आशीर्वाद मांगा। इस दौरान उन्होंने कुदरगढ़ महोत्सव का विधिवत शुभारंभ भी किया।

मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर के नीचे प्रांगण में स्थित हिंगुलाज माता और झगरा खाड़ देवता की विशेष पूजा की। उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए माता को चुनरी ओढ़ाई और तिलक लगाकर नमन किया।

पूजा-अर्चना स्थानीय बैगा राम कुमार बंछोर ने संपन्न कराई। गौरतलब है कि उनका परिवार पिछले 10 पीढ़ियों से मां कुदरगढ़ी की सेवा और पूजा का दायित्व निभा रहा है। दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद हजारों श्रद्धालुओं का हाथ जोड़कर अभिवादन किया और उन्हें चैत्र नवरात्रि व कुदरगढ़ महोत्सव की बधाई दी।

मन्नत की देवी हैं मां कुदरगढ़ी

कुदरगढ़ी माता मंदिर को लेकर गहरी जनश्रुति है कि यहां जो भी भक्त सच्ची श्रद्धा से मन्नत मांगता है, वह जरूर पूरी होती है। यही कारण है कि नवरात्रि के दौरान न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पड़ोसी राज्यों (उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और झारखंड) से भी बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं।

प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद

इस धार्मिक आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन विकास निगम व मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष रामसेवक पैंकरा सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पूरे पहाड़ी क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखा गया।

Related Articles

Back to top button