CM साय ने किया शबरी एंपोरियम का दौरा, बेलमेटल सहित बस्तर की जनजातीय कला की की सराहना

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने बस्तर प्रवास के दौरान आज शिल्पनगरी कोंडागांव के शबरी एंपोरियम का भ्रमण किया। इस अवसर पर उन्होंने बेलमेटल, रॉट आयरन, बांस और काष्ठ शिल्प से बनी कलाकृतियों को देखा और उनकी सुंदरता एवं शिल्प कौशल की सराहना की। बस्तर की जीवनशैली, सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं को अभिव्यक्त करती इन कलाकृतियों ने मुख्यमंत्री को विशेष रूप से प्रभावित किया।
मुख्यमंत्री ने शिल्पियों से संवाद कर उनके कार्य की बारीकियों और कलाकृतियों की निर्माण प्रक्रिया को समझा। उन्होंने शिल्पियों से उनके बाजार, विपणन रणनीति और प्रशिक्षण गतिविधियों के बारे में भी जानकारी ली। शिल्पकारों ने मुख्यमंत्री को बेलमेटल से बनी आकर्षक कलाकृति भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया और कहा कि सरकार बस्तर की परंपरागत कला को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने हेतु प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि कोंडागांव के शिल्पकारों की कला, न केवल क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए है, बल्कि आजीविका का सशक्त माध्यम भी है। सरकार शिल्पकारों को बाजार से जोड़ने, प्रशिक्षण देने और उनके उत्पादों को वैश्विक मंच तक पहुंचाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री के इस दौरे में बस्तर सांसद महेश कश्यप, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सचिव डॉ. बसव राजू एस, कमिश्नर डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी., कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक वाय अक्षय कुमार, पूर्व विधायक सेवकराम नेताम सहित अनेक जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।