ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सीएम साय ने वरिष्ठ पत्रकार मधुकर खेर की जयंती पर किया स्मरण

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय मधुकर खेर की जयंती (21 फरवरी) के अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हिन्दी और अंग्रेजी पत्रकारिता को सशक्त स्वरूप देने में स्वर्गीय खेर का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण और सदैव स्मरणीय रहेगा।

मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में कहा कि स्वर्गीय मधुकर खेर ने निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनोन्मुखी पत्रकारिता की मिसाल कायम की।

उन्होंने अपने लेखन के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया और शासन-प्रशासन का ध्यान जनहित के विषयों की ओर आकर्षित किया। उनकी लेखनी में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का समन्वय देखने को मिलता था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय खेर की पत्रकारिता केवल समाचारों तक सीमित नहीं थी, बल्कि वह सामाजिक सरोकारों से गहराई से जुड़ी हुई थी।

उन्होंने प्रदेश में मूल्यनिष्ठ, सकारात्मक और स्वस्थ पत्रकारिता की मजबूत परंपरा स्थापित करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान ने नई पीढ़ी के लिए एक उच्च मानक तय किया।

मुख्यमंत्री साय ने यह भी कहा कि स्वर्गीय मधुकर खेर का समर्पण, उनकी कार्यशैली और उनके उच्च आदर्श आज भी प्रदेश के पत्रकारों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उनके सिद्धांत हमें निष्पक्षता, नैतिकता और समाजहित को सर्वोपरि रखते हुए पत्रकारिता करने की प्रेरणा देते हैं।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे स्वर्गीय खेर की पुण्य स्मृति को शांति प्रदान करें तथा उनके विचार सदैव समाज का मार्गदर्शन करते रहें।

Related Articles

Back to top button