आंबेडकर जयंती पर CM साय का नमन,समतामूलक समाज निर्माण का लिया संकल्प

रायपुर। भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर सामाजिक न्याय, समानता और मानव अधिकारों के सशक्त प्रहरी थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया और एक ऐसे भारत की नींव रखी, जहां हर व्यक्ति को समान अवसर और सम्मान मिले।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन इस बात का संदेश देता है कि शिक्षा के माध्यम से समाज में व्यापक और सकारात्मक परिवर्तन संभव है। उनके विचार आज भी देश के सामाजिक और संवैधानिक ढांचे को दिशा दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार बाबा साहेब के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज के हर वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। राज्य में संचालित विभिन्न योजनाएं इस उद्देश्य से लागू की जा रही हैं कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और सभी को समान अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का हर नागरिक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में सशक्त बने तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़े।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे बाबा साहेब के विचारों और मूल्यों को अपने जीवन में अपनाएं और एक न्यायपूर्ण, समरस एवं सशक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।





