रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा आज: जलभराव, सफाई और मानसून तैयारियों पर होगी चर्चा, हंगामे के आसार

रायपुर। मानसून के बीच रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा सोमवार को आयोजित होगी। बैठक में शहर में जलभराव, सफाई व्यवस्था, नालों की सफाई, सड़क मरम्मत और बारिश के दौरान नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
राजधानी में हालिया बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव और अव्यवस्थाओं को लेकर उठे सवालों के बीच इस बैठक को अहम माना जा रहा है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक और हंगामे के भी आसार हैं।
पहली तेज बारिश के बाद रायपुर के कई क्षेत्रों में सड़कें जलमग्न हो गई थीं। कई जगह नालों की सफाई अधूरी होने से पानी घरों और सड़कों पर भर गया था। इन समस्याओं को लेकर विपक्ष निगम प्रशासन और महापौर परिषद को घेरने की तैयारी में है। वहीं, पार्षद भी अपने-अपने वार्डों की समस्याएं और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दे सदन में उठाएंगे।
बैठक से पहले कांग्रेस नेता और पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने विशेष सामान्य सभा बुलाने के औचित्य पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जलभराव और सफाई नगर निगम की नियमित जिम्मेदारियां हैं, इसलिए इन विषयों पर विशेष बैठक बुलाना प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े करता है।
बैठक में जलभराव वाले क्षेत्रों की स्थिति, नालों की सफाई की प्रगति, कचरा उठाव, सड़कों की मरम्मत और मानसून के दौरान नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उपायों पर चर्चा होगी। साथ ही निगम प्रशासन अब तक किए गए कार्यों और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा भी करेगा।
गौरतलब है कि इससे पहले आयोजित निगम की सामान्य और विशेष सभाओं में कई मुद्दों पर जोरदार हंगामा हुआ था। ऐसे में इस बार भी बारिश से जुड़ी समस्याओं को लेकर सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना जताई जा रही है।





