जापान दौरे पर CM साय, छत्तीसगढ़ में डिजिटल इकोसिस्टम मजबूत बनाने पर चर्चा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जापान दौरे की शुरुआत 22 अगस्त को टोक्यो से की। ओसाका वर्ल्ड एक्सपो में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री ने यहां डिजिटल इकोसिस्टम को मजबूत करने और तकनीक आधारित निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की।
इस दौरान उन्होंने एनटीटी लिमिटेड की सीईओ कायो इतो से मुलाकात की। एनटीटी विश्व की अग्रणी डिजिटल समाधान कंपनियों में से है, जिसकी सालाना आय 90 अरब डॉलर है और यह 50 देशों में कार्यरत है। बैठक में छत्तीसगढ़ को तकनीकी और औद्योगिक निवेश का नया केंद्र बनाने पर विचार किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने टोक्यो पहुंचकर ऐतिहासिक असाकुसा मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता की शांति, सामर्थ्य और समृद्धि की कामना की और कहा कि राज्य सतत विकास के पथ पर अग्रसर है। शाम को भारत के जापान में राजदूत सिबी जार्ज द्वारा आयोजित रात्रिभोज में सीएम साय और प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया। इस दौरान इंडो-पैसिफिक देशों के बीच उद्योग और व्यापारिक सहयोग को बढ़ाने पर जोर दिया गया। चर्चा में आर्थिक स्थिरता, व्यापारिक सुरक्षा और औद्योगिक वृद्धि जैसे मुद्दे शामिल रहे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जापान की उन्नत तकनीक और भारत की कुशल जनशक्ति मिलकर व्यापक औद्योगिक सहयोग को जन्म दे सकती है। उन्होंने छत्तीसगढ़ को जापानी पर्यटकों के लिए आकर्षक गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करने पर भी जोर दिया। जापान दौरे का पहला दिन तकनीक, व्यापार और सांस्कृतिक साझेदारी के लिहाज से बेहद सफल रहा। इससे छत्तीसगढ़ को डिजिटल नवाचार और वैश्विक औद्योगिक सहयोग का उभरता केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।