दो वर्ष की निरंतर सेवा, निरंतर विकास की दिशा में एक और पहल, सीएम साय ने कॉफी टेबल बुक्स का किया विमोचन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज शाम नवीन विधानसभा स्थित अपने कार्यालय में “दो साल निरंतर सेवा, निरंतर विकास” की भावना को समर्पित जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित आठ आकर्षक कॉफी टेबल बुक्स का विमोचन किया। ये पुस्तकें छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक परंपराओं, आदिवासी जीवनशैली और प्राकृतिक सौंदर्य को सजीव रूप में प्रस्तुत करती हैं।
विमोचित पुस्तकों में बस्तर दशहरा (हिंदी व अंग्रेजी), पुण्यभूमि छत्तीसगढ़ (हिंदी व अंग्रेजी), छत्तीसगढ़ के अतुल्य जलप्रपात (हिंदी व अंग्रेजी) तथा बैगा टैटू (हिंदी व अंग्रेजी) शामिल हैं। इन पुस्तकों में छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति, धार्मिक आस्था, आदिवासी कला, परंपरागत रीति-रिवाजों और प्राकृतिक धरोहरों का सुंदर चित्रण किया गया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ये कॉफी टेबल बुक्स केवल प्रकाशन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की पहचान और गौरव को देश-विदेश तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की विविधतापूर्ण संस्कृति, बस्तर दशहरा जैसी अनूठी परंपराएं, बैगा जनजाति की टैटू कला और प्रदेश के जलप्रपात छत्तीसगढ़ को विशिष्ट बनाते हैं। इन पुस्तकों के माध्यम से लोग छत्तीसगढ़ को उसकी वास्तविक आत्मा के साथ जान और समझ सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने जनसंपर्क विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि दो वर्षों की निरंतर सेवा और विकास की यात्रा में राज्य सरकार ने संस्कृति, पर्यटन और विरासत के संरक्षण को विशेष प्राथमिकता दी है। ऐसे प्रकाशन न केवल पर्यटन को बढ़ावा देंगे, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, महासमुंद विधायक योगेश्वर सिन्हा, जनसंपर्क विभाग के सचिव रोहित यादव, जनसंपर्क आयुक्त रवि मित्तल, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह, पूर्व विधायक खिलावन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।





