सीएम साय ने किया तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का शुभारंभ

रायपुर। सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थल सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का भव्य शुभारंभ आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सिरपुर को अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके तहत आधुनिक सड़क, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, पर्यटक सुविधा केंद्र एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर का टूरिस्ट कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने माघी पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महानदी के तट पर स्थित सिरपुर छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश की सांस्कृतिक पहचान है।
उन्होंने बताया कि जिले को लगभग 200 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी गई है, जिससे सड़क, पुल, पेयजल, पर्यटन और अधोसंरचना के क्षेत्र में तेजी आएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिरपुर की ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस विरासत से परिचित हो सकें।
उन्होंने बताया कि मलेशिया, कोरिया और जापान के बौद्ध विचारक महोत्सव में पहुंचे हैं। सिरपुर सनातन, बौद्ध और जैन संस्कृति का अद्भुत संगम है तथा इसे विश्व धरोहरों में शामिल करने के प्रयास जारी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंचल के विकास के लिए सिरपुर बैराज की स्वीकृति जल्द होगी और किसानों को सिंचाई हेतु पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के लिए योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।





