CM साय ने ‘वॉटर वुमन’ शिप्रा पाठक को किया सम्मानित

रायपुर। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली शिप्रा पाठक को आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सम्मानित किया। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में हुई इस सौजन्य भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें ‘वॉटर वुमन’ की उपाधि से संबोधित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की और शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
शिप्रा पाठक ने सिंदूर पौधरोपण अभियान और जल संरक्षण के माध्यम से समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभाई है। उनके नेतृत्व में चलाए गए पौधरोपण अभियानों ने न सिर्फ हरियाली बढ़ाई, बल्कि आम लोगों को पेड़ लगाने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया है। उनकी यह पहल आज एक जन आंदोलन का रूप ले चुकी है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शिप्रा पाठक के प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि छत्तीसगढ़ सरकार पर्यावरण की रक्षा के लिए हर स्तर पर काम कर रही है और इस दिशा में लगे व्यक्तियों व संगठनों को हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
इस मौके पर बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय, लखनऊ के प्रोफेसर हरिशंकर सिंह भी उपस्थित थे। उन्होंने भी शिप्रा पाठक के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका योगदान न केवल पर्यावरण के लिए, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए भी महत्वपूर्ण है।