सीएम साय ने गृह विभाग ली बैठक, नए कानूनों का प्रशिक्षण पुलिसकर्मियों को देने का दिया निर्देश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को नया रायपुर के मंत्रालय में गृह विभाग की बैठक ली। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा लागू किए गए नए आपराधिक कानूनों को सही तरीके से लागू करना बहुत जरूरी है। इससे न्याय व्यवस्था बेहतर होगी, आम जनता को भरोसा मिलेगा और अपराधियों में डर रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस और जांच से जुड़े सभी अधिकारियों को इन नए कानूनों की सही जानकारी और ट्रेनिंग दी जानी चाहिए। इसके लिए सभी जिलों में वर्कशॉप और सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अपराध की जांच वैज्ञानिक और पक्के सबूतों के आधार पर होनी चाहिए, ताकि दोषियों को सजा मिल सके। पुलिस को डिजिटल फॉरेंसिक और आधुनिक तकनीकों में भी दक्ष बनाया जाएगा।
साइबर अपराधों को रोकने के लिए मुख्यमंत्री ने साइबर सेल को मजबूत करने और लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।