सीएम साय ने होला मोहल्ला के लिए संगत बसों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित रेलवे स्टेशन गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेक प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए अरदास की। इसके बाद उन्होंने सिख संगत द्वारा आयोजित होला मोहल्ला यात्रा के लिए निःशुल्क बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगत उपस्थित रही। यात्रा में लगभग 1200 श्रद्धालु 17 बसों, 2 ट्रकों और अन्य वाहनों के साथ श्री हजूर साहिब (नांदेड़, महाराष्ट्र) तथा गुरुद्वारा नानक झीरा साहिब (बीदर, कर्नाटक) के लिए रवाना हुए। यह यात्रा सिख समाज की गहरी आस्था, परंपरा और सामूहिक श्रद्धा का प्रतीक मानी जाती है।
मुख्यमंत्री साय ने संगत को मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सिख गुरुओं का त्याग, बलिदान और मानवता की सेवा का संदेश पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि होला मोहल्ला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि साहस, सेवा और राष्ट्रभक्ति की अद्भुत परंपरा का प्रतीक है। गुरु परंपरा से जुड़े पवित्र स्थलों पर आयोजित यह पर्व शौर्य और समर्पण की विरासत को आगे बढ़ाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि सिख संगत द्वारा लगातार 25वें वर्ष इस भव्य आयोजन का सफल संचालन किया जाना गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने आयोजन से जुड़े सभी पदाधिकारियों और समाजजनों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के सामूहिक आयोजन सामाजिक एकता और सद्भाव को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह छाबड़ा सहित सिख समाज के अनेक प्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे। वातावरण में उत्साह और श्रद्धा का माहौल दिखाई दिया।





