ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

CM साय ने इचकेला की महिला क्रिकेटर्स को किया सम्मानित; बांटी क्रिकेट किट

रायपुर | मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज जशपुर के मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम में ग्राम इचकेला की उभरती महिला क्रिकेट खिलाड़ियों से मुलाकात की। सीएम ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें क्रिकेट किट प्रदान की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इन बेटियों ने न केवल जशपुर, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

इचकेला एमसीसी: प्रतिभा का पावरहाउस

जशपुर के इचकेला स्थित शासकीय प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास की ये बेटियां क्रिकेट के मैदान पर लगातार इतिहास रच रही हैं। वर्तमान में इस ग्रुप की 17 बालिकाएं अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में छत्तीसगढ़ की आधिकारिक टीम का हिस्सा हैं। वहीं, लगभग 40 खिलाड़ी रोजाना मैदान पर पसीना बहाकर भविष्य की तैयारी कर रही हैं।

25 साल का सूखा खत्म कर जीता था गोल्ड

इन खिलाड़ियों की सबसे बड़ी उपलब्धि साल 2025 में सामने आई, जब सरगुजा संभाग ने 25 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद राज्य स्तरीय अंडर-17 क्रिकेट प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता। चौंकाने वाली बात यह है कि उस विजेता टीम के 11 में से 9 खिलाड़ी अकेले इचकेला एमसीसी से थीं। इसी तरह अंडर-19 में रजत पदक जीतने वाली टीम में भी 8 खिलाड़ी यहीं की थीं।

सीमित संसाधनों में रचा इतिहास

मुख्यमंत्री साय ने इन उपलब्धियों के लिए खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके कोच संतोष शंकर सोनी और श्रीमती पंडरी बाई की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि “अनुशासन और समर्पण के दम पर ग्रामीण क्षेत्र की इन बालिकाओं ने साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी सुख-सुविधा की मोहताज नहीं होती। सरकार खेल प्रतिभाओं को हर संभव मदद देने के लिए प्रतिबद्ध है।”

Related Articles

Back to top button