सीएम साय ने प्रदेशवासियों को छेरछेरा पर्व की दी हार्दिक बधाई

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध लोकपर्व छेरछेरा के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छेरछेरा महादान, सामाजिक समरसता और दानशीलता का प्रतीक पर्व है। यह छत्तीसगढ़ की समृद्ध, गौरवशाली और मानवीय मूल्यों से ओत-प्रोत परंपराओं को जीवंत रूप में प्रदर्शित करता है। नई फसल घर आने की खुशी में पौष मास की पूर्णिमा को यह पर्व बड़े हर्ष और उत्साह के साथ मनाया जाता है।
उन्होंने बताया कि इसी दिन मां शाकंभरी जयंती भी मनाई जाती है, जो अन्न, प्रकृति और जीवन के संरक्षण का संदेश देती है। पौराणिक मान्यता के अनुसार इस दिन भगवान शिव ने माता अन्नपूर्णा से भिक्षा ग्रहण की थी। इसी परंपरा के अनुरूप छेरछेरा पर्व पर लोग धान, साग-भाजी, फल और अन्य अन्न का दान करते हैं, जिससे आपसी सहयोग, करुणा और मानवता का परिचय मिलता है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छेरछेरा पर्व समाज में प्रेम, सौहार्द और साझा समृद्धि की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस लोकपर्व को सद्भाव, उल्लास और पारंपरिक मूल्यों के साथ मनाएँ।
उन्होंने यह भी कहा कि छेरछेरा केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है, जो आने वाली पीढ़ियों तक सामाजिक समरसता और मानवता के संदेश को पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे पर्व के माध्यम से आपसी सौहार्द और सहयोग की भावना को और मजबूत करें।



