सक्ति में वेदांता पावर प्लांट हादसे पर CM साय ने जताया शोक, जांच के दिए निर्देश

रायपुर। सीएम विष्णु देव साय ने सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से हुई दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे में श्रमिकों की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में संबल देने की प्रार्थना की। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

साय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए। वर्तमान में प्रशासन की निगरानी में तेजी से राहत कार्य जारी है और घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि घायलों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और आवश्यकता अनुसार बेहतर चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने इस दुर्घटना की गहन और निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सीएम साय ने यह भी कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों की सख्ती से समीक्षा और पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

Exit mobile version