रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंधी समाज के प्रमुख धर्मगुरु संत शिरोमणि श्री सांईं चाँडूराम साहिब जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि श्री चाँडूराम साहिब जी का जीवन सेवा, करुणा और मानवता के आदर्शों से परिपूर्ण था। समाज के उत्थान, गरीबों, असहायों, दिव्यांगों और पशुधन की सेवा के प्रति उनका समर्पण अनुकरणीय रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत श्री चाँडूराम साहिब जी ने अपने उपदेशों और जीवन-मूल्यों के माध्यम से समाज को प्रेम, करुणा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनका स्नेहिल व्यक्तित्व, सादगी और सेवा का भाव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। वे केवल एक धर्मगुरु नहीं, बल्कि मानवता के संवाहक थे, जिन्होंने समाज में समरसता और सद्भाव का संदेश दिया।
सीएम साय ने कहा कि संत श्री चाँडूराम साहिब जी के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने अपने जीवन से यह सिद्ध किया कि सच्ची भक्ति सेवा और त्याग में निहित है। उनके अनुयायी आज भी उनके बताए मार्ग पर चलकर समाजसेवा में लगे हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुःखद घड़ी में उनकी संवेदनाएँ संत श्री चाँडूराम साहिब जी के परिवारजनों, अनुयायियों और श्रद्धालुओं के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और उनके अनुयायियों को यह दुःख सहन करने की शक्ति दें।