स्वयंसेवक शांताराम सर्राफ के निधन पर सीएम साय ने जताया शोक

रायपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रांत प्रचारक एवं वरिष्ठ स्वयंसेवक शांताराम सर्राफ के निधन के समाचार से पूरा प्रदेश शोकाकुल है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनके देवलोक गमन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि सर्राफ जी का जीवन समाज और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सर्राफ जी ने अपने अनुशासन, सादगी और निःस्वार्थ भाव से समाज में कार्य करते हुए नई पीढ़ी को सदैव प्रेरित किया। उनका जीवन संदेश यह है कि समाज और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर कार्य करना ही सच्ची सेवा है।
मुख्यमंत्री साय ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवारजनों तथा शुभचिंतकों को इस गहन दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि सर्राफ जी का योगदान और उनके आदर्श सदैव स्मरणीय रहेंगे।