सीएम साय ने एम्स रायपुर में भर्ती विशंभर यादव का जाना कुशलक्षेम, इलाज के लिए दी आर्थिक सहायता

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को राजधानी रायपुर के टाटीबंध स्थित एम्स पहुंचे। यहां उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल होकर भर्ती सुरजपुर जिले के निवासी विशंभर यादव का कुशलक्षेम जाना।
मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने एम्स में भर्ती नीलू गुप्ता से भी मुलाकात की। नीलू गुप्ता ने बताया कि वे और विशंभर यादव एक ही सड़क दुर्घटना में घायल हुए थे और एक साथ उपचार ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दोनों मरीजों का हौसला बढ़ाया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
आर्थिक सहायता की घोषणा
मुख्यमंत्री साय ने विशंभर यादव और नीलू गुप्ता के इलाज के लिए 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
परिवार को दिया भरोसा
मुख्यमंत्री ने विशंभर यादव की पत्नी उषा यादव से भी बातचीत की। उन्होंने उन्हें भरोसा दिलाया कि इलाज के लिए हरसंभव मदद प्रदान की जाएगी और किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री भी रहे मौजूद
इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल भी मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित थे। उन्होंने चिकित्सकों से विस्तृत जानकारी लेकर आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री की यह पहल न सिर्फ मरीजों और उनके परिवार के लिए राहत देने वाली साबित हुई, बल्कि सरकार की संवेदनशीलता का भी परिचायक बनी।