Axiom-4 मिशन की सफलता पर CM साय ने शुभांशु शुक्ला को दी बधाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने Axiom-4 मिशन की ऐतिहासिक सफलता पर भारतीय गगनयात्री शुभांशु शुक्ला को ट्वीट कर बधाई दी है। उन्होंने इस मिशन को भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक गौरवपूर्ण अध्याय बताया और शुभांशु शुक्ला की उपलब्धि पर पूरे देश की ओर से शुभकामनाएं प्रकट कीं।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट में लिखा, “गगन में लहराया तिरंगा, बढ़ाया मातृभूमि का मान। आसमान को छूने पहुंचा, भारत की संतान। Axiom-4 मिशन की ऐतिहासिक सफलता पर पायलट ग्रुप कैप्टन, भारतीय गगनयात्री शुभांशु शुक्ला को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। समूचे देशवासियों की आकांक्षाओं, विश्वास एवं शुभकामनाओं के साथ आप अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में पहुंचने वाले प्रथम भारतीय बनने की उपलब्धि हासिल करेंगे। भारत के इस बेटे पर देश को गर्व है। जय हिंद! जय भारत!”
मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में शुभांशु शुक्ला को भारत की संतान बताते हुए कहा कि उन्होंने अंतरिक्ष की ऊंचाइयों तक तिरंगा पहुंचाकर देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि शुभांशु अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) तक पहुंचने वाले पहले भारतीय बनकर इतिहास रचेंगे और विज्ञान के क्षेत्र में भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
Axiom-4 मिशन न केवल वैज्ञानिक दृष्टि से अहम है, बल्कि यह भारत की तकनीकी और अंतरिक्ष क्षमताओं का भी प्रतीक बन गया है। मुख्यमंत्री का यह संदेश देशभर में गौरव और उत्साह की भावना को प्रबल करता है। शुभांशु को बधाई देने का सिलसिला देशभर से लगातार जारी है।