रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व राजधानी रायपुर के बैरन बाजार स्थित आंगनबाड़ी के नन्हें-मुन्ने बच्चों के साथ मुख्यमंत्री निवास में हर्षोल्लास से मनाया। कार्यक्रम में बच्चों ने राधा और कृष्ण का रूप धारण कर अपनी अठखेलियों और मनमोहक वेशभूषा से माहौल को जीवंत बना दिया।
मुख्यमंत्री निवास को फूलों, रंगीन रोशनियों और पारंपरिक सजावट से सुसज्जित किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्ति और उल्लास से भर गया। छोटे-छोटे बच्चों ने कृष्ण-लीला की झांकियां प्रस्तुत कीं। उनकी मासूमियत और भावपूर्ण अभिनय ने सभी का मन मोह लिया। निवास परिसर बच्चों की हंसी-खुशी और उल्लास से गुलजार हो उठा।
मुख्यमंत्री साय ने बच्चों संग भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा निरंतर तरक्की की कामना की। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण की लीलाएं हमें धर्म, नीति और कर्तव्य पालन का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता की मेहनत और आस्था से प्रदेश निरंतर प्रगति कर रहा है और सरकार का संकल्प है कि श्रीकृष्ण के उपदेशों से प्रेरणा लेकर छत्तीसगढ़ को न्याय, सद्भाव और विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक बच्चों को अपने हाथों से चॉकलेट, शिक्षण सामग्री और प्रसाद वितरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन न केवल हमारी परंपराओं को जीवित रखते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को संस्कारों से भी जोड़ते हैं। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष राम सेवक पैकरा, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, मितुल कोठारी, सुनील पिल्ले सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।