CM साय ने परिवार में शादी के लिए कुलेश्वरी कमार से खरीदा पर्रा, धुकना और सुपा

बलौदाबाजार। भाटापारा जिले के कसडोल विकासखंड के गांव बल्दाकछार में आज एक खास दृश्य देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने हेलीकॉप्टर से गांव में उतरकर गांववालों से सीधा संवाद किया। वे यहां शासकीय योजनाओं का फीडबैक लेने आए थे।
गांव में उन्होंने बरगद के पेड़ के नीचे चौपाल लगाई और लोगों से योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी ली। इसी दौरान वे पास की कमार बस्ती भी पहुंचे। कमार समुदाय के लोग बांस से उपयोगी वस्तुएं जैसे पर्रा, धुकना और सुपा बनाते हैं। मुख्यमंत्री ने बस्ती में कुलेश्वरी कमार के परिवार को बांस से सामान बनाते देखा। उन्होंने इस पारंपरिक कारीगरी में दिलचस्पी दिखाई और उनसे काम के बारे में पूछा। कुलेश्वरी कमार ने उन्हें बताया कि वे बांस से रोजमर्रा में उपयोग आने वाले वस्त्र बनाते हैं।
मुख्यमंत्री साय को ये सामान बहुत पसंद आए। उन्होंने अपने परिवार में होने वाली शादी के लिए दो पर्रा, दो धुकना और एक सुपा खरीदा। इसका कुल बिल 600 रुपए बना। मुख्यमंत्री ने खुशी से 700 रुपए दिए और कुलेश्वरी कमार के काम की सराहना की। मुख्यमंत्री के इस कदम से गांव वालों में खुशी की लहर दौड़ गई। उन्होंने ना सिर्फ योजनाओं की जानकारी ली, बल्कि स्थानीय हुनर और परंपरा को भी सम्मान दिया।