मदकू में CM साय की 68.96 करोड़ की सौगात, ट्रॉमा सेंटर-इको टूरिज्म सेंटर को मंजूरी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को मुंगेली जिले के ग्राम मदकू में 68 करोड़ 96 लाख 96 हजार रुपए की लागत के 21 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, बिजली, खेल और जनसुविधाओं से जुड़े कई कार्यों की घोषणाएं भी कीं। मुख्यमंत्री ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित आंगन मिलन सेवा, रक्तदान और नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने सरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ट्रॉमा सेंटर शुरू करने की घोषणा की। पिपरडोल और लमती की प्राथमिक शालाओं को मिडिल स्कूल में उन्नत करने का भी ऐलान किया। मदकू द्वीप में 75 लाख रुपए की लागत से इको टूरिज्म सेंटर बनाया जाएगा। ताला महोत्सव और मदकू द्वीप उत्सव के लिए 15-15 लाख रुपए देने की घोषणा की गई।

पथरिया के अवंती बाई लोधी कॉलेज में रानी अवंती बाई लोधी की आदमकद प्रतिमा के लिए 25 लाख रुपए, भाटापारा में इनडोर स्टेडियम और 10 गांवों में सीसी रोड के लिए 10-10 लाख रुपए देने की घोषणा हुई। मदकू और तुमाढेठा में 33 केवी सब स्टेशन स्थापित करने की भी घोषणा की गई।

21 कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास

कार्यक्रम में 34 करोड़ 77 लाख 19 हजार रुपए के पूर्ण कार्यों का लोकार्पण और 34 करोड़ 19 लाख 77 हजार रुपए के नए कार्यों का शिलान्यास किया गया। इनमें सड़क, स्वास्थ्य, पुलिस और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास की गति बढ़ाने के साथ योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों और सहायिकाओं के योगदान की सराहना की। रक्तदान करने वाले लोगों को भी उन्होंने बधाई दी।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मदकू द्वीप को छत्तीसगढ़ की प्राचीन विरासत बताते हुए इसके संरक्षण और विकास की प्रतिबद्धता दोहराई। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने भी मदकू की ऐतिहासिक पहचान को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

↑
Exit mobile version