संपूर्णता अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों और विकासखंडों को CM ने किया सम्मानित

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सबसे अधिक विकास की जरूरत दूरस्थ क्षेत्रों और विशेष पिछड़ी जनजातियों को है। उन्होंने रायपुर में आयोजित सम्मान समारोह में “संपूर्णता अभियान” में बेहतरीन कार्य करने वाले आकांक्षी जिलों और विकासखंडों को स्वर्ण, रजत, कांस्य और ताम्र पदक से सम्मानित किया।
जुलाई से सितंबर 2024 तक चले अभियान में छह संकेतकों पर प्रदर्शन के आधार पर बस्तर और कोंडागांव जिलों तथा शंकरगढ़, मैनपुर, माकड़ी, कोयलीबेड़ा, ओरछा और प्रतापपुर विकासखंडों को स्वर्ण पदक दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में PVTG क्षेत्रों के लिए ‘जनमन योजना’ सहित कई योजनाएं शुरू की गईं हैं, जिससे वनांचलों में मूलभूत सुविधाएं पहुंच रही हैं। उन्होंने सभी विभागों के समन्वय से बेहतर परिणाम की सराहना की।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि आकांक्षी जिलों के प्रयासों से विकास की दिशा में तेजी आई है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भौतिक नहीं बल्कि मानव सूचकांकों में सुधार पर जोर दिया गया है। रजत पदक दंतेवाड़ा, कोरबा, कांकेर, नारायणपुर जिलों व 6 विकासखंडों को, कांस्य पदक बीजापुर व 6 अन्य विकासखंडों को और ताम्र पदक मोहला-मानपुर, महासमुंद, सुकमा जिलों व अंबागढ़ चौकी विकासखंड को मिला। कार्यक्रम में मुख्य सचिव अमिताभ जैन, नीति आयोग सदस्य आशीष भट्ट, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।