CM-डिप्टी CM ने कांवड़ियों पर बरसाए फूल, अमरकंटक में रेस्ट हाउस बनेगा

हर-हर महादेव के जयघोष के साथ हुआ स्वागत, पूरे प्रदेश में भक्तिमय माहौल
रायपुर। सावन के तीसरे सोमवार को छत्तीसगढ़ भक्तिमय माहौल में डूब गया। इस खास मौके पर कवर्धा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। उनके साथ अरुण साव और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने “हर-हर महादेव” के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया।
सीएम साय ने कहा कि 146 करोड़ की लागत से भोरमदेव कॉरिडोर का निर्माण हो रहा है। यहां कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के लिए सभी जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही, मध्यप्रदेश सरकार से अमरकंटक में जमीन मांगी गई है, जहां छत्तीसगढ़ से आने वाले कांवड़ियों के लिए रेस्ट हाउस बनाया जाएगा।
भोरमदेव मंदिर के पास बड़ी संख्या में भक्त अमरकंटक से 100 किलोमीटर की पदयात्रा कर जल अर्पित करने पहुंचे। कबीरधाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। राजिम में कुलेश्वर महादेव मंदिर से पंचकोशी यात्रा की शुरुआत हुई। यह मंदिर त्रिवेणी संगम के बीच स्थित है और मान्यता है कि वनवास काल में माता सीता ने इसका निर्माण किया था। यहां पूर्व विधायक धनेंद्र साहू ने जलाभिषेक कर यात्रा आरंभ की।
वहीं दुर्ग जिले में 33 किलोमीटर लंबी कांवड़ यात्रा निकाली गई। श्रद्धालु शिवनाथ नदी से जल लेकर “हर-हर भोलेनाथ” के जयकारों के साथ देवबलोदा पहुंचे। भक्त भगवा और केसरिया परिधानों में पारंपरिक स्वरूप में दिखे। जगह-जगह पुष्पवर्षा और जलपान से उनका स्वागत किया गया।