पेपर लीक के बाद 12वीं हिंदी की परीक्षा दोबारा: कड़ी सुरक्षा के बीच एग्जाम शुरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड की हिंदी परीक्षा आज दोबारा आयोजित की जा रही है। रायपुर समेत पूरे प्रदेश में इस बार परीक्षा को लेकर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने गोपनीयता बनाए रखने के लिए प्रश्नपत्रों के पैकेट में वन टाइम लॉक सिस्टम लागू किया है, वहीं पूरी सामग्री को GPS लॉक युक्त कंटेनरों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया।
मंडल के अनुसार परीक्षा सुबह 9 बजे से शुरू होकर दोपहर 12:15 बजे तक चलेगी। छात्रों को समय से पहले केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। 9:05 बजे उत्तर पुस्तिका वितरित की गई, 9:10 बजे प्रश्नपत्र बांटे गए और 9:15 बजे से लिखने की प्रक्रिया शुरू हुई।
गौरतलब है कि इससे पहले 15-16 मार्च को हिंदी विषय का प्रश्नपत्र लीक होने की खबर सामने आई थी। बताया गया था कि सेट ‘बी’ का पेपर टेलीग्राम पर वायरल हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई और सिटी कोतवाली में एफआईआर भी दर्ज हुई। इसके बाद 23 मार्च को परीक्षा समिति की बैठक में परीक्षा निरस्त करने का निर्णय लिया गया था।
इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। समन्वय केंद्रों में नोडल अधिकारी और केंद्र प्रभारियों की मौजूदगी में वीडियो कॉल के जरिए GPS लॉक खोला गया। स्ट्रॉन्ग रूम को वन टाइम लॉक सिस्टम से सील किया गया और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
इसके अलावा, केंद्राध्यक्षों पर भी सख्त निगरानी रखी जा रही है। परीक्षा के बाद उपयोग किए गए लॉक को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा करना अनिवार्य किया गया है। मंडल का कहना है कि भविष्य की परीक्षाओं में भी इस तरह की सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा सकती है।





