
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब ठंड का असर धीरे-धीरे कम होने लगा है। दिन के तापमान में बढ़ोतरी के कारण दोपहर के समय गर्मी महसूस हो रही है, जबकि सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंड बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क (ड्राई) बना रहेगा और अगले पांच दिनों तक किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। ऐसे में तापमान स्थिर रहने के साथ ठंड में धीरे-धीरे कमी आती जाएगी।
पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें तो प्रदेश में सबसे अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ।
राजधानी रायपुर में सुबह के समय हल्की धुंध छाने की संभावना जताई गई है। यहां अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक हवा में नमी और तापमान के अंतर के कारण सुबह के वक्त धुंध देखने को मिल सकती है।
कुल मिलाकर प्रदेश में ठंड का असर कमजोर पड़ रहा है और आने वाले दिनों में दिन के समय गर्मी और बढ़ने की संभावना है, जबकि सुबह-शाम हल्की ठंड का एहसास बना रहेगा।





