स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक अधोसंरचना की दिशा में प्रदेश का सशक्त संकल्प है सिटी गैस परियोजना: सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर में सिटी गैस अवसंरचना परियोजना का शुभारंभ करते हुए इसे हरित और स्मार्ट छत्तीसगढ़ की दिशा में बड़ा कदम बताया।
एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सीएनजी युक्त वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा रायपुर नगर निगम की पहली पाइपलाइन गैस उपभोक्ता पूनम चौबे से संवाद कर घरेलू उपयोग में पाइप्ड नेचुरल गैस की सुविधा की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपने गठन के 25 वर्ष पूरे कर रजत जयंती वर्ष मना रहा है और इस अवधि में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं।
सिटी गैस परियोजना केवल एक नई सुविधा नहीं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक अधोसंरचना के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
अब मेट्रो शहरों की तर्ज पर डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस के माध्यम से घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सीधे पाइपलाइन से गैस उपलब्ध होगी। इससे रिफिलिंग की परेशानी समाप्त होगी और सुरक्षा भी बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि सस्ती और सुलभ ऊर्जा से उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा तथा निवेश की संभावनाएं मजबूत होंगी। वाहनों में सीएनजी के उपयोग से प्रदूषण घटेगा और आम नागरिकों के ईंधन खर्च में भी कमी आएगी।
मुख्यमंत्री ने एचसीजी समूह को बधाई देते हुए रायपुर, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में शीघ्र व्यापक नेटवर्क विकसित करने की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम में उद्योग जगत के प्रतिनिधि, गैल इंडिया के अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वच्छ ईंधन अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनने की अपील की।





