चित्रोत्पला फिल्म सिटी छत्तीसगढ़ की रचनात्मक अर्थव्यवस्था को देगी नई गति : सीएम साय

रायपुर। छत्तीसगढ़ का बहुप्रतीक्षित सपना अब साकार हो गया है। राजधानी रायपुर के ग्राम माना–तूता में चित्रोत्पला फिल्म सिटी एवं ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर के निर्माण का आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधिवत भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना राज्य की रचनात्मक अर्थव्यवस्था को नई दिशा और गति देने वाली साबित होगी तथा फिल्म निर्माण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को देश–दुनिया में विशेष पहचान दिलाएगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से 100 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाली यह फिल्म सिटी युवाओं, कलाकारों और तकनीशियनों के लिए नए अवसर खोलेगी।
स्थानीय फिल्म निर्माताओं को एक ही परिसर में शूटिंग, पोस्ट-प्रोडक्शन और तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उन्हें बाहर के राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा और छत्तीसगढ़ फिल्म टूरिज्म के नए केंद्र के रूप में उभरेगा।
भूमिपूजन के दौरान मुख्यमंत्री ने परियोजना के मास्टर प्लान का अवलोकन किया और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने बताया कि फिल्म सिटी में गांव, शहर, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, जेल, पुलिस चौकी, स्कूल-कॉलेज सहित कई स्थायी सेट विकसित किए जाएंगे। साथ ही पर्यटकों के लिए होटल, रेस्टोरेंट, मल्टीप्लेक्स और एक्सपीरियंस सेंटर जैसी सुविधाएं भी होंगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि भूमिपूजन के साथ ही पर्यटन विभाग को चार बड़े निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें फिल्म निर्माण, अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी और हैंडीक्राफ्ट्स फेयर जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं। इससे प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह परियोजना केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक, आर्थिक और रचनात्मक भविष्य की मजबूत नींव है। परियोजना को दो वर्षों में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे छत्तीसगढ़ कला, संस्कृति और फिल्म उद्योग का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।





