देश - विदेशStateNews

PoK-अफगान बॉर्डर के पास चीन का नया शहर: भारत का सख्त जवाब—‘सच्चाई नहीं बदलेगी’

दिल्ली। चीन ने अपने शिंजियांग क्षेत्र में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) और अफगानिस्तान की सीमा के पास एक नई काउंटी ‘सेनलिंग’ बसाई है, जिससे क्षेत्रीय भू-राजनीति में हलचल तेज हो गई है। यह इलाका काराकोरम पर्वतमाला के पास स्थित है और अफगानिस्तान के वाखान कॉरिडोर से जुड़ा हुआ है, जो इसे सामरिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण बनाता है।

चीन का दावा है कि यह कदम सुरक्षा को मजबूत करने और उइगर उग्रवादियों की घुसपैठ रोकने के लिए उठाया गया है। बीजिंग लंबे समय से ईस्ट तुर्किस्तान इस्लामिक मूवमेंट जैसे संगठनों को लेकर सतर्क रहा है। वाखान कॉरिडोर एक संकीर्ण भूभाग है, जो शिंजियांग को अफगानिस्तान से जोड़ता है और इसे सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है।

हालांकि, भारत ने इस कदम पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि चीन के ऐसे प्रयास वास्तविक स्थिति को नहीं बदल सकते। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत अपने क्षेत्रों पर किसी भी तरह के “मनगढ़ंत नामकरण” या दावे को स्वीकार नहीं करता।

विशेषज्ञों के अनुसार, यह चीन द्वारा पिछले एक साल में बनाई गई तीसरी काउंटी है। इससे पहले बनाए गए कुछ प्रशासनिक ढांचे में अक्साई चिन जैसे विवादित इलाके भी शामिल हैं, जिस पर भारत पहले ही आपत्ति जता चुका है।

यह नया जिला काशगर प्रीफेक्चर के अधीन रहेगा, जो प्राचीन सिल्क रूट का अहम केंद्र रहा है। यहीं से चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (CPEC) की शुरुआत होती है, जो PoK से होकर गुजरता है और भारत इसका लगातार विरोध करता रहा है।

भारत ने दोहराया है कि ऐसे कदम न केवल सच्चाई नहीं बदल सकते, बल्कि द्विपक्षीय संबंधों को भी प्रभावित करते हैं।

Related Articles

Back to top button