ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

राखी अंतरिक्ष केंद्र में बच्चों का रॉकेट लॉन्च, सीएम साय रहे मौजूद

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नवा रायपुर के राखी में आयोजित कार्यक्रम में ग्रुप कैप्टन एवं अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के साथ जशपुर के बच्चों द्वारा तैयार रॉकेट का बटन दबाकर सफल प्रक्षेपण किया। यह प्रक्षेपण बच्चों के वैज्ञानिक कौशल और नवाचार क्षमता का जीवंत उदाहरण बना।

आईडीवायएम के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह देश का पहला अंतरिक्ष केन्द्र है, जो किसी सरकारी स्कूल परिसर में स्थापित किया गया है। यहां विद्यार्थियों ने कार्डबोर्ड और पीवीसी पाइप जैसे साधारण संसाधनों से रॉकेट का निर्माण किया, जिसे सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया।

जिला प्रशासन रायपुर की पहल से शुरू किए गए प्रोजेक्ट “अंतरिक्ष संगवारी” के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राखी, नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ के पहले अंतरिक्ष केन्द्र की स्थापना की गई है। मुख्यमंत्री साय और ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने केंद्र का शुभारंभ कर इसकी विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया।

यह अंतरिक्ष केन्द्र जिला प्रशासन रायपुर, आईडीवायएम और सारडा ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में तैयार किया गया है। केन्द्र में स्पेस क्वालिफाइड क्लीन रूम, स्टूडेंट सैटेलाइट लेबोरेटरी, ग्राउंड स्टेशन और मिशन कंट्रोल सेंटर जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां विद्यार्थी उपग्रह डिजाइन, असेम्बली, परीक्षण और सिग्नल व डेटा डिकोडिंग का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।

इस अवसर पर कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायकगण, वरिष्ठ अधिकारी और शिक्षा व विज्ञान से जुड़े कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button