रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत जशपुर जिले में शुक्रवार को सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए गए।
जिले के अलग-अलग परियोजना क्षेत्रों में हुए कार्यक्रमों में कुल 65 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। हिंदू और ईसाई समुदाय के नवदंपत्तियों का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया।
इस आयोजन की खास बात यह रही कि बगीचा परियोजना क्षेत्र में एक मूकबधिर जोड़े ने भी विवाह कर सभी के लिए प्रेरणा पेश की। समारोह में मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।
जानकारी के मुताबिक, बगीचा परियोजना क्षेत्र में 13 हिंदू और 7 ईसाई समुदाय के कुल 20 जोड़ों का विवाह हुआ। वहीं कांसाबेल परियोजना में 9 हिंदू और 3 ईसाई समुदाय के 12 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इसके अलावा बागबहार परियोजना में 6 हिंदू और 26 ईसाई समुदाय के कुल 32 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत और जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना को सामाजिक समरसता और सहयोग की भावना को मजबूत करने वाली पहल बताया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित इस योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को 50 हजार रुपए की सहायता दी जाती है। इसमें 8 हजार रुपए विवाह आयोजन, 7 हजार रुपए की उपयोगी सामग्री और 35 हजार रुपए वधु के नाम चेक के रूप में दिए जाते हैं। साथ ही नवदंपत्तियों को विवाह प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाता है। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सम्मानपूर्वक विवाह कराने का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है।
