ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना : सामाजिक समरसता का विश्व रिकॉर्ड, 6,412 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना ने छत्तीसगढ़ में सामाजिक समरसता और संवेदनशील शासन की एक नई मिसाल कायम की है।

राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में प्रदेशभर के कुल 6,412 जोड़े वैवाहिक जीवन में बंधे। इस ऐतिहासिक आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है।

मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि एक समय गरीब परिवारों के लिए बेटी का विवाह चिंता का विषय होता था, लेकिन मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना ने इसे सम्मान और भरोसे में बदल दिया है।

उन्होंने कहा कि यह योजना अंत्योदय की भावना और सामाजिक न्याय को साकार करने का सशक्त माध्यम है। साइंस कॉलेज मैदान में 1,316 जोड़ों को मुख्यमंत्री ने प्रत्यक्ष रूप से आशीर्वाद दिया, जबकि अन्य जिलों के जोड़े वर्चुअल माध्यम से समारोह से जुड़े। योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित दंपति को 35 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल विवाह कार्यक्रम नहीं, बल्कि सर्वधर्म समभाव और सामाजिक एकता का उत्सव है। हिंदू, मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध और विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय के जोड़ों ने अपने-अपने रीति-रिवाजों से विवाह कर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का शुभारंभ भी किया। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में सरगुजा और बस्तर संभाग के आठ जिलों में शुरू हुए इस अभियान को आगे पूरे प्रदेश में विस्तार देने की योजना है।

मुख्यमंत्री ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह सहायता दी जा रही है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने भी इस आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री की संवेदनशील पहल की सराहना की।

Related Articles

Back to top button