मुख्यमंत्री की चौपाल झुरानदी में: विकास की सौगातों से गांव में उत्सव का माहौल

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार 16 मई को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम झुरानदी पहुंचकर ग्रामीणों को चौंका दिया। तपती दोपहरी में जब उनका हेलीकॉप्टर गांव में उतरा, तो ग्रामीणों में हर्ष और आश्चर्य का भाव एक साथ देखा गया।
मुख्यमंत्री ने गांव के पुराने बरगद पेड़ की छांव में जनचौपाल लगाई और बेहद आत्मीय अंदाज में ग्रामीणों से छत्तीसगढ़ी भाषा में संवाद किया। उनके साथ उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री की सादगी और आत्मीयता ने ग्रामीणों का दिल जीत लिया।
चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने गांव की आवश्यकताओं को समझते हुए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने झुरानदी में हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल भवन निर्माण, सीसी सड़क निर्माण के लिए 20 लाख रुपये, और दो उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण की घोषणा की। गंडई से कृतबाधा पहुंच मार्ग पर पुल निर्माण हेतु 2 करोड़ 54 लाख रुपये और कर्रानाला से लिमो पहुंच मार्ग पर पुल निर्माण हेतु 2 करोड़ 52 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। साथ ही भोरमपुर ग्राम पंचायत में नया पंचायत भवन भी बनाने की घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार गांव, गरीब और किसान की सरकार है, जो हर पात्र हितग्राही तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों में गति और पारदर्शिता सुनिश्चित हो।
झुरानदी ग्राम पंचायत की जनसंख्या 1935 है और यहां की प्रमुख आबादी लोधी एवं वर्मा समाज से है। गांव में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और जल आपूर्ति की समुचित व्यवस्था है। यहां आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक, माध्यमिक और हाई स्कूल भी संचालित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 217 में से 180 आवास पूर्ण हो चुके हैं और शेष निर्माणाधीन हैं।
महतारी वंदन योजना से 616 महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। जल जीवन मिशन से घरों में नलजल की सुविधा है और मनरेगा के माध्यम से ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने चौपाल के अंत में हनुमान मंदिर में पूजा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के इस ऐतिहासिक दौरे को यादगार बताते हुए उनका आभार व्यक्त किया।