कवर्धा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड स्थित डोंगरिया गांव पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध जलेश्वर महादेव धाम में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया। मुख्यमंत्री ने भगवान भोलेनाथ से प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराएं राज्य की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल केवल आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने वाले प्रेरणा स्थल भी हैं। राज्य सरकार विकास के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण पर भी लगातार काम कर रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने क्षीरपानी मध्यम परियोजना के तहत 50 करोड़ रुपए की लागत से नहर विस्तारीकरण कार्य कराने की घोषणा की। इससे करीब 1100 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा बढ़ेगी और किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने जलेश्वर महादेव धाम के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख रुपए स्वीकृत करने की घोषणा भी की। साथ ही खरहट्टा से डोंगरिया तक करीब ढाई किलोमीटर सड़क उन्नयन कार्य कराने की बात कही। इससे श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि डोंगरिया स्थित जलेश्वर महादेव धाम स्थानीय लोगों की गहरी आस्था का केंद्र है। मान्यता है कि यहां स्थापित शिवलिंग प्राकृतिक रूप से प्रकट हुआ है। प्राकृतिक सौंदर्य से घिरा यह धाम सावन और महाशिवरात्रि के दौरान हजारों श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक भावना बोहरा और धर्मजीत सिंह भी मौजूद रहे।
