मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने “बिरहोर जननायक” पुस्तक का किया विमोचन

पद्मश्री जागेश्वर यादव के जीवन पर आधारित कृति को बताया प्रेरणादायी दस्तावेज
रायपुर। रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पद्मश्री जागेश्वर यादव के जीवन पर आधारित पुस्तक “बिरहोर जननायक” का विमोचन किया। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित हुआ, जहां उन्होंने पुस्तक के लेखक डॉ. लोकेश पटेल को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह पुस्तक सेवा, संघर्ष और समर्पण की प्रेरक गाथा है। उन्होंने पद्मश्री जागेश्वर यादव के जीवन को समाज के लिए आदर्श बताते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन जनसेवा को समर्पित रहा है। विशेष रूप से आदिम जनजातियों के उत्थान के लिए उनके कार्य उल्लेखनीय हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर जिले में ‘बिरहोर के भाई’ के रूप में पहचान बनाने वाले जागेश्वर यादव ने बिरहोर जनजाति के विकास के लिए जो प्रयास किए हैं, वे समाज के लिए मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि उनका सरल व्यक्तित्व और समाज के प्रति गहरी संवेदनशीलता यह दर्शाती है कि सच्चा नेतृत्व सेवा भावना से ही जन्म लेता है।
साय ने कहा कि “बिरहोर जननायक” पुस्तक उनके जीवन के संघर्षों और उपलब्धियों को सामने लाती है, जो नई पीढ़ी को समाज के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनने की प्रेरणा देती है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुस्तक पाठकों में सकारात्मक सोच विकसित करेगी और उन्हें समाजहित में कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी।
इस अवसर पर लेखक डॉ. लोकेश पटेल ने बताया कि पुस्तक की रचना जागेश्वर यादव के जीवन और उनके सामाजिक योगदान से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि इसमें बिरहोर समुदाय के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए प्रयासों, उनके संघर्ष और मानवीय दृष्टिकोण को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस कृति को जनजातीय समाज के उत्थान और प्रेरणा का महत्वपूर्ण दस्तावेज बताया।





