रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में आयोजित हरिनाम संकीर्तन नामयज्ञ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। हरिनाम संकीर्तन और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना के बाद मंदिर में आयोजित संकीर्तन में भी हिस्सा लिया और श्रद्धालुओं का अभिवादन किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हरिनाम संकीर्तन जैसी परंपराएं भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे आयोजन लोगों को आध्यात्मिक रूप से जोड़ने के साथ समाज में भाईचारे, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज को एकसूत्र में बांधने का कार्य करते हैं।
उन्होंने प्रदेशवासियों से सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने की अपील भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराएं पूरे देश में अपनी अलग पहचान रखती हैं और इन्हें संरक्षित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित रहे। मंदिर समिति की ओर से मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रसाद वितरण और भजन-कीर्तन का कार्यक्रम भी रखा गया।
