राहुल गांधी की टिप्पणी पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताई कड़ी आपत्ति, कांग्रेस पर साधा निशाना

रायपुर। सीएम विष्णुदेव साय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री के खिलाफ कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए शब्दों पर कड़ी आपत्ति जताई है। मुख्यमंत्री ने इस बयान को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताते हुए कहा कि यह कांग्रेस की हताशा और राजनीतिक दिवालियापन को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लिए ‘गद्दार’ जैसे शब्दों का प्रयोग लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब लगातार अपनी राजनीतिक सीमाएं लांघ रही है और इस तरह की भाषा का प्रयोग देश की लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर करता है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जो नेतृत्व देश की सुरक्षा, आतंकवाद और नक्सलवाद जैसी चुनौतियों का मजबूती से सामना कर रहा है, उसके खिलाफ इस प्रकार की अभद्र टिप्पणी उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री केवल व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि संवैधानिक पदों की गरिमा का प्रतिनिधित्व करते हैं, इसलिए उनके खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग अस्वीकार्य है।
साय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लंबे समय से सत्ता से बाहर रहने के कारण हताश हो चुकी है और इसी वजह से वह लगातार लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन कर रही है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन उसका स्तर मर्यादित और जिम्मेदार होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के नेतृत्व में भारत की सुरक्षा और विकास को नई दिशा मिलते हुए देख रही है। ऐसे में कांग्रेस का यह रवैया जनता की भावनाओं के विपरीत है और इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा।





