मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रमिकों को दी मई दिवस की शुभकामनाएं

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस (मई दिवस) के अवसर पर प्रदेश के सभी श्रमवीरों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने मेहनतकश लोगों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि एक मई का दिन उन हाथों को सम्मान देने का दिन है, जो अपने परिश्रम और समर्पण से समाज और देश की तरक्की की नींव रखते हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि श्रमिक समाज की रीढ़ हैं और किसी भी विकास यात्रा की शुरुआत उनके योगदान से होती है। सरकार का लक्ष्य है कि हर श्रमिक को सम्मानजनक, सुरक्षित और खुशहाल जीवन मिले।उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए लगातार कल्याणकारी योजनाएं चला रही है।
छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के माध्यम से कई जनहितकारी योजनाएं जैसे छात्रवृत्ति, औजार किट, शिक्षा प्रोत्साहन, आवास सहायता और भोजन योजना संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं से न केवल श्रमिकों को बल्कि उनके परिवारों को भी बेहतर जीवन जीने का अवसर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उनकी सरकार हर श्रमिक को उसका हक और सम्मान दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के सहयोग से ही छत्तीसगढ़ विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के योगदान को नमन करते हुए कहा कि उनकी मेहनत ही प्रदेश की असली ताकत है।