ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कोरबा में श्री राम कथा महोत्सव में हुए शामिल

रायपुर। कोरबा जिले के भवानी मंदिर परिसर में आयोजित श्री राम कथा महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिरकत की। उन्होंने परिसर में राम कथा वाचन हेतु पधारे श्री 1008 जगद्गुरू रामभद्राचार्य के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित श्रद्धालुओं को नवरात्रि एवं दशहरा पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ भी दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पावन माटी माता कौशल्या का मायका है और भगवान श्री राम का ननिहाल भी। प्रभु श्री राम ने माता सीता और भाई लक्ष्मण के साथ अपने वनवास का अधिकांश समय यहीं व्यतीत किया। इस अवसर पर उन्होंने भवानी मंदिर स्थल का नामकरण ‘कौशल्या धाम’ करने की घोषणा की। नव-निर्मित कौशल्या धाम मंदिर में माता कौशल्या की मूर्ति के साथ बाल रूप में भगवान श्री राम की प्रतिमा स्थापित है, जो मंदिर का मुख्य आकर्षण है। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का अवलोकन कर निर्माण कार्य की सराहना की और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की।

मुख्यमंत्री ने ओपन थियेटर मैदान में आयोजित रामलीला महोत्सव में भी भाग लिया। उन्होंने नगरवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएँ दी और कहा कि रामलीला जीवन मूल्यों और आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि यह पर्व शक्ति, भक्ति और सद्भाव का संदेश देता है।

इस अवसर पर विधायक सुशांत शुक्ला, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महापौर संजू देवी राजपूत, जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण उपस्थित थे। स्थानीय श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से मिलकर उनका हालचाल जाना और उनके साथ संवाद किया, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और जनसांस्कृतिक महत्व और बढ़ गया।

Related Articles

Back to top button