मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नितिन नबीन के नामांकन में की शिरकत, कहा- एनडीए प्रचंड बहुमत से सत्ता में लौटेगा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन के बिहार विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की आगामी बिहार विधानसभा चुनावों में प्रचंड बहुमत से सत्ता में वापसी का दावा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में बिहार ने उल्लेखनीय विकास किया है और केंद्र सरकार भी बिहार को पूर्ण विकसित राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि विधानसभा चुनाव के परिणामों में एनडीए फिर से भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगा।
भाजपा छत्तीसगढ़ प्रभारी और नीतीश कुमार मंत्रिमंडल के सदस्य नितिन नबीन ने पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांचवीं बार नामांकन किया है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय उनके साथ मौजूद रहे। नितिन नबीन ने नामांकन के बाद सोशल मीडिया पर लिखा कि यह केवल नामांकन नहीं बल्कि सेवा और विकास की यात्रा का अगला अध्याय है, जिसमें उन्होंने जनता और कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन और स्नेह के लिए आभार जताया।
इससे पहले नितिन नबीन ने पटना के राजवंशी नगर स्थित नवीन सिन्हा स्मृति पार्क में अपने पिता स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की प्रतिमा पर मल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, मंत्री ओपी चौधरी, विधायक भावना बोहरा, विधायक सुशांत शुक्ला और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। बिहार में चुनाव दो चरणों में होंगे, जिनकी मतगणना 14 नवंबर को होगी। मुख्यमंत्री साय की उपस्थिति से भाजपा को छत्तीसगढ़ और बिहार दोनों राज्यों में मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।