ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सीएम विष्णु देव साय ने वर्ष 2026 के शासकीय कैलेंडर का किया विमोचन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में वर्ष 2026 के शासकीय कैलेंडर का विमोचन किया।

राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है और इसी थीम पर आधारित यह कैलेंडर सशक्त एवं समृद्ध छत्तीसगढ़ के संकल्प को अभिव्यक्त करता है।

कैलेंडर के मुख्य पृष्ठ पर छत्तीसगढ़ के पाँच प्रमुख शक्तिपीठ मां बमलेश्वरी (डोंगरगढ़), मां महामाया (रतनपुर), मां दंतेश्वरी (दंतेवाड़ा), मां चंद्रहासिनी (चंद्रपुर) और मां कुदरगढ़ी (सूरजपुर) को प्रमुखता से स्थान दिया गया है।

इसके साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के छायाचित्र अंकित हैं। पृष्ठभूमि में सिरपुर और राजिम के ऐतिहासिक मंदिर, आदिवासी संस्कृति, मधेश्वर पहाड़ तथा चित्रकोट जलप्रपात के ग्राफिकल प्रतिरूप छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक धरोहर को दर्शाते हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ‘महतारी गौरव वर्ष’ महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन को समर्पित है।

इस भावना से तैयार किया गया शासकीय कैलेंडर महिला सशक्तिकरण, राज्य की प्राथमिकताओं और उपलब्धियों का सशक्त प्रतीक है, जिसमें जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक सरोकारों को समाहित किया गया है।

कैलेंडर के मासिक पृष्ठों में विभिन्न योजनाओं और अभियानों को दर्शाया गया है। जनवरी में शक्तिपीठों का दर्शन, फरवरी में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान, मार्च में महतारी वंदन योजना, अप्रैल में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, मई में तेंदूपत्ता संग्रहण व चरण पादुका योजना, जून में बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, जुलाई में महिला मुखिया के नाम पीडीएस राशनकार्ड, अगस्त में रक्षाबंधन, सितंबर में दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना, अक्टूबर में शौर्य का सम्मान, नवंबर में “सेवा ही संकल्प” और दिसंबर में महिला सशक्तिकरण को प्रमुखता दी गई है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, जनसंपर्क सचिव रोहित यादव, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत एवं आयुक्त जनसंपर्क रवि मित्तल उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button