बजट सत्र में आज केंद्रीय बजट 2026-27 पर आम चर्चा शुरू, विपक्ष के हंगामे के आसार

दिल्ली। संसद के बजट सत्र में शुक्रवार को केंद्रीय बजट 2026-27 पर आम चर्चा शुरू हो रही है। लोकसभा की कार्यवाही सुबह प्रश्नकाल से शुरू होगी।
इसके बाद स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, कानून और न्याय, विदेश मंत्रालय, रक्षा तथा बंदरगाह, शिपिंग और जलमार्ग मंत्रालयों से जुड़े दस्तावेज सदन के पटल पर रखे जाएंगे। दोपहर 3.30 बजे से लोकसभा में प्राइवेट मेंबर्स का कामकाज निर्धारित है। हालांकि विपक्ष के रुख को देखते हुए आज भी सदन में हंगामे के आसार बने हुए हैं।
इससे पहले गुरुवार को संसद के दोनों सदनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पास कर दिया गया। लोकसभा में 2004 के बाद पहली बार ऐसा हुआ, जब प्रधानमंत्री के भाषण के बिना ही धन्यवाद प्रस्ताव पारित हुआ। लगातार हंगामे और कार्यवाही में बाधा के चलते पीएम नरेंद्र मोदी लोकसभा में जवाब नहीं दे सके। वहीं राज्यसभा में प्रधानमंत्री ने 97 मिनट का लंबा भाषण दिया, जिसके बाद वहां धन्यवाद प्रस्ताव पास हुआ।
प्रधानमंत्री के राज्यसभा भाषण की शुरुआत में विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी की और कुछ देर बाद वॉकआउट कर गए। विपक्ष पिछले चार दिनों से दोनों सदनों में लगातार हंगामा कर रहा है। उनका आरोप है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को बोलने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया। इसके साथ ही 8 विपक्षी सांसदों के निलंबन को लेकर भी विरोध जारी है।
शुक्रवार सुबह जैसे ही लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई, विपक्षी सांसदों ने फिर नारेबाजी शुरू कर दी। स्पीकर ने सदन की मर्यादा बनाए रखने की अपील की, लेकिन हंगामा नहीं थमने पर कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।
बजट सत्र कुल 65 दिनों में 30 बैठकों तक चलेगा और 2 अप्रैल को समाप्त होगा। इस दौरान लोकसभा में 9 अहम विधेयकों पर चर्चा संभव है, जिनमें विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक 2025, प्रतिभूति बाजार संहिता 2025 और संविधान (129वां संशोधन) विधेयक 2024 शामिल हैं। इन विधेयकों की जांच फिलहाल संसदीय समितियों में चल रही है।





