मुख्यमंत्री साय ने विशेष सत्र में किया दिवंगत पूर्व विधायकों का स्मरण

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश की रजत यात्रा में अपने योगदान से अमिट छाप छोड़ने वाले तीन दिवंगत जनप्रतिनिधियों रजनी ताई उपासने, बनवारी लाल अग्रवाल और राधेश्याम शुक्ल का भावपूर्ण स्मरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने राजनीतिक और सामाजिक जीवन में प्रेरक व्यक्तित्व थीं। विनम्रता, संघर्ष और सेवा भाव से भरे उनके कार्य आज भी जनसेवा की मिसाल हैं। उनका निधन प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है।
विधायक बनवारी लाल अग्रवाल को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष और दो बार के विधायक रहे। सरल स्वभाव, संगठन के प्रति समर्पण और समाजसेवा में निरंतर सक्रियता के कारण वे हमेशा सम्मानित रहे। उनके योगदान को प्रदेश सदैव याद रखेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक राधेश्याम शुक्ल अनुशासनप्रिय, कर्मनिष्ठ और जनता के प्रति समर्पित जनप्रतिनिधि थे। उनका संपूर्ण जीवन जनसेवा और आदर्श राजनीति को समर्पित रहा।
मुख्यमंत्री साय ने तीनों दिवंगत नेताओं की आत्मा की शांति और उनके परिजनों को धैर्य व संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।





