रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में माघ पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित सतगुरु कबीर संत समागम समारोह में शामिल हुए।
इस अवसर पर उन्होंने पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब एवं पंथ श्री प्रकाश मुनि नाम साहेब को चादर व श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद लिया तथा प्रदेश की खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने संत समागम समारोह की अनुदान राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 75 लाख रुपये करने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री साय ने माघ पूर्णिमा की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा का संत समागम समारोह हर वर्ष और अधिक भव्य हो रहा है, जो लोगों की बढ़ती आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कबीरपंथ का छत्तीसगढ़ के जनजीवन में व्यापक प्रभाव है, इसी कारण यहां के लोग शांतिप्रिय हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वे बचपन से कबीरपंथ से परिचित हैं तथा उनके गांव बगिया में भी कबीरपंथी परिवार रहते हैं। उन्होंने दामाखेड़ा का नाम कबीर धर्मनगर करने के लिए राजपत्र में प्रकाशन की अंतिम प्रक्रिया जारी होने की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डबल इंजन सरकार से प्रदेश को सीधा लाभ मिल रहा है और छत्तीसगढ़ तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने नक्सलवाद के समूल नाश का संकल्प दोहराते हुए कहा कि 31 मार्च 2026 तक इसे जड़ से समाप्त किया जाएगा।
