रायपुर। बिलासपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पुलिस ग्राउंड में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में जिले को बड़ी विकास सौगात दी।
उन्होंने 329 करोड़ 77 लाख रुपए से अधिक की लागत वाले 47 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 309 करोड़ 95 लाख रुपए के 42 कार्यों का शिलान्यास और 19 करोड़ 18 लाख रुपए के 5 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कोनी में 11 करोड़ 91 लाख रुपए की लागत से निर्मित नए संभागीय आयुक्त कार्यालय का लोकार्पण किया। साथ ही 11 लाख रुपए की लागत से बनी राजा रघुराज सिंह की प्रतिमा का अनावरण भी किया। स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के तहत 6 करोड़ 99 लाख रुपए से तैयार ‘वंदे मातरम उद्यान’ एवं ड्यूल पाइपिंग अंतर्गत एसटीपी निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
नगर निगम के वार्ड 18 में 30 लाख 33 हजार रुपए के रिटर्निंग वॉल, टाइल्स व फेंसिंग कार्य तथा महमंद में 50 लाख रुपए की लागत से प्राथमिक शाला लालखदान के अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण भी किया गया। कोटा भैंसाझार में 4 करोड़ 43 लाख रुपए की सिंचाई योजना तथा टिकरी और चिल्हाटी में 30-30 लाख रुपए के महतारी सदन निर्माण का शिलान्यास भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने जिले में सड़क, पुल-पुलिया और सिंचाई संरचनाओं के व्यापक उन्नयन की आधारशिला रखी। इसमें सिरगिट्टी–सरवानी–पासीद–अमलडीहा–बरतोरी–दगोरी मार्ग का 69 करोड़ 79 लाख रुपए से उन्नयन, नेहरू चौक–दर्रीघाट मार्ग, कोनी–मोपका बायपास, करमा–बरभांठा–सरगाढोड़ी मार्ग सहित कई प्रमुख मार्गों का निर्माण व मजबूतीकरण शामिल है।
साथ ही अनेक ग्रामीण व वनांचल क्षेत्रों में बड़े पुल, नहरों और जलाशयों के उन्नयन कार्यों की भी शुरुआत की गई। इन सभी परियोजनाओं से बिलासपुर जिले में आधारभूत संरचना, शहरी विकास, सिंचाई, सड़क संपर्क और जनसुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे जिले के विकास को नई दिशा मिलेगी।
